राजस्थान के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की भी सुनवाई नहीं हो रही है। खाचरियावास ने कहा कि एक तरफ सरकार राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में व्यस्त है। दूसरी तरफ कैबिनेट मंत्री मीणा लगातार सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे साफ हो गया है कि सरकार का कोई मालिक नहीं है। पूर्व मंत्री ने कहा कि जब सरकार के मंत्री ही यह कह रहे हैं कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही, तो आम जनता कहां जाएगी। खाचरियावास ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे स्पष्ट करें कि राजस्थान की जनता दवाई, राशन, पेंशन और कानून व्यवस्था के लिए किसके पास जाए। उन्होंने कहा कि जब मंत्री ही रो रहे हैं, तो आम आदमी के आंसू कौन पोंछेगा।


