जयपुर की संस्था शुभ विचार ने विश्व महिला दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को वर्ष 2025 का अंतर्राष्ट्रीय महिला सशक्तिकरण सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को मालवीय नगर स्थित आर्च कॉलेज सभागार में किया गया। राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की चयन समिति ने सम्मान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया। कार्यक्रम में सम्मानित महिलाओं ने ‘अनटोल्ड स्टोरी बिहाइंड द सक्सेस’ के तहत अपने संघर्ष और अनुभव साझा किए। इस अवसर पर आर्च कॉलेज की डायरेक्टर अर्चना सुराणा ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्होंने किराए के दो कमरों से कॉलेज की शुरुआत की। आज 25 साल बाद वे विश्व के प्रमुख डिजाइन संगठनों का प्रतिनिधित्व करती हैं। सम्मानित होने वाली महिलाओं में इंदौर से उच्च शिक्षा क्षेत्र की प्रेरणा दुबे, टाइम्स ऑफ इंडिया की खेल पत्रकार मंदाकिनी सायला, पत्रकार मिताली दुसाद, मिजोरम से समाजसेवी लक्ष्मी, व्यवसायी शिवांगी कुमावत, शिक्षाविद विजय लक्ष्मी मिश्रा, एडवोकेट सुषमा पारीक, इंटीरियर डिजाइनर सुहानी विजय, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट रुचिका बड़ेसरा, डॉ. स्वाति अरोड़ा और प्रोफेसर लवीना खिलनानी। कार्यक्रम का संचालन इंदौर की प्रेरणा दुबे ने किया। सभी विजेताओं को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शुभ विचार संस्था के संस्थापक जीतेंद्र शर्मा ने कहा कि बचपन में मनु स्मृति श्लोक पढ़ने के बाद महिलाओं के प्रति मन में सम्मान और बढ़ गया ,कयोंकि श्लोक से मुझे ये शिक्षा और ज्ञान मिला कि जिस घर में महिलाओं का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते हैं ।


