टाईकॉन उदयपुर-2025 का आयोजन रेडिसन ब्लू रिसॉर्ट एंड स्पा उदयपुर में सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम में स्टार्टअप जगत, निवेश, उद्यमिता और नवाचार पर गहन चर्चा हुई। देशभर से आए उद्योगपतियों, निवेशकों और स्टार्टअप संस्थापकों ने अपने विचार साझा किए और नए उद्यमियों को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन टाई अध्यक्ष संदीप बापना ने किया। इसके बाद विभिन्न पैनल चर्चाओं में विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। ‘अगले 25 वर्षों के लिए तैयार होना’ विषय पर पैनल में जतिन त्रिवेदी और डॉ. शीनू झावर ने ‘भविष्य के उद्यमशीलता परिदृश्य’ पर चर्चा की। वहीं, ‘द पावर ऑफ पर्सिस्टेंस’ विषय पर आलोक बजपाई ने स्टार्टअप निर्माण, स्केलिंग और नवाचार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसी तरह ‘स्टार्टअप और निवेश रणनीतियां’ विषय पर पैनल में नितिन सेठी, टेसा थॉमस और लोकेन्द्र सिंह राणावत ने विचार व्यक्त किए।
इस आयोजन में स्टार्टअप अवार्ड्स भी दिए गए, जिसमें उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों और स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विशेष मास्टरक्लास सत्र आयोजित किए गए। टाईकॉन उदयपुर-2025 नवाचार, निवेश और उद्यमिता का एक प्रमुख मंच साबित हुआ, जिसने नए स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उद्योग जगत के विशेषज्ञों से सीखने का अवसर प्रदान किया।


