प्लास्टिक मुक्त राजसमंद अभियान के तहत 51 हजार जूट और पेपर के बैग तैयार किए जाएंगे। कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में प्रशासन के महाअभियान ‘‘स्वच्छ राजसमंद, स्वस्थ राजसमंद’’ के तहत जिले को प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है। जहां एक ओर अब सिंगल यूज प्लास्टिक पर कड़े प्रतिबंध, रोकथाम, जब्ती के लिए नगर निकायों के आयुक्त और ईओ को स्पष्ट और गंभीर निर्देश दिए गए हैं तो वहीं प्लास्टिक के उपाय के तौर पर 51 हजार बैग्स वितरित करने की मुहिम शुरू की है। कलेक्टर का प्रयास है कि इस पहल से आमजन में प्लास्टिक को छोड़ इको फ्रेंडली बैग्स उपयोग में लाने की आदत विकसित हो। असावा के निर्देशन में इस कार्य को पूरा करने के लिए जिले की राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अहम भूमिका निभा रही हैं, जिन्होंने जूट और पेपर से बनाए गए इको-फ्रेंडली बैग्स तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।


