श्री श्याम मित्र मंडल ने रंग रंगीलो श्री श्याम अमृत महोत्सव के पहले दिन खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु को नगर भ्रमण कराया। श्री श्याम प्रभु के जयकारों और श्याम पताकाओं से शुक्रवार को रांची श्याममय हो गई। श्याम प्रभु ने इस दौरान हजारों दर्शनार्थियों को दर्शन देने के साथ सुख-समृिद्ध के आशीर्वाद दिए। इसी के साथ श्री श्याम मित्र मंडल का पांच दिवसीय रंग रंगीलो फाल्गुन महोत्सव शुरू हो गया। हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में श्री गणेश पूजन और ध्वज स्थापना के बाद श्री श्याम प्रभु की सवारी नगर भ्रमण के लिए निकली। धनबाद से आए प्रख्यात भजन गायकों महेंद्र अग्रवाल, रोमित बंसल और आशीष सिंघल द्वारा गाए जा रहे भजनों की गूंज के साथ 1101 महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में रांची की सड़कों पर खाटू नरेश के ध्वज लहराते हुए चल रही थी। ढोलक और डफली की गूंज से पूरा वातावरण श्याममय हो गया। श्री श्याम मित्र मंडल के 53वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पवित्र ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सेवा सदन पथ के महादेव सरोवर मंदिर से शुरू हुई और अपर बाजार की विभिन्न गलियों से होते हुए हरमू रोड श्री श्याम मंदिर पहुंच कर विसर्जित हुई। श्याम भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं के साथ मंदिर में खाटू नरेश के चरणों में पूजित ध्वजा निशान अर्पित किए। गुजराती डांडिया नृत्य शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। भजन गायकों ने एक के बाद एक भजन गाकर श्याम प्रभु के साथ श्याम भक्तों को खूब रिझाया। जगह जगह भक्तों ने बाबा की आरती उतारी।


