भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना ब्यास की पुलिस ने घरेलू विवाद के दौरान पति को जहरीली दवाई खिलाकर हत्या करने के मामले में उसकी पत्नी को काबू किया है। आरोपी पत्नी की पहचान गुरमीत कौर निवासी जमालपुर के रूप में हुई है। शिकायत में रणजीत कौर निवासी नजदीक राधा स्वामी सत्संग भवन घुमाण ने बताया कि उसके बेटे जसपाल सिंह (27) की 7 साल पहले गुरमीत कौर निवासी जमालपुर के साथ शादी हुई थी। गुरमीत कौर पहले से शादीशुदा थी। वीरवार दोपहर तकरीबन 1 बजे उसकी बहू बेटे के साथ झगड़ा कर रही थी। जिस दौरान उसके बेटे को घबराहट होने लगी और उसने कहा कि उसकी पत्नी ने उसे कोई जहरीली दवाई खिला दी है और वह गिर गया। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में गुरमीत कौर के खिलाफ पर्चा दर्ज कर काबू किया है।


