संगरूर में शहर के कॉलेज रोड पर स्थित गर्ग पेट्रोल पंप पर धोखाधड़ी की एक अनोखी घटना सामने आई है। सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में आए अज्ञात जालसाज 2,700 रुपये का डीजल भरवाने के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी को नकली नोट थमाकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पेट्रोल पंप के मालिक राम लाल गर्ग ने बताया कि यह वाकया शाम करीब 5 बजे का है। एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी उनके पंप पर आकर रुकी और चालक ने 2,700 रुपये का डीजल डालने को कहा। तेल भरने के बाद भुगतान करते समय आरोपियों ने कर्मचारी को ₹500 के 5 नकली नोट और ₹100 के 2 असली नोट थमा दिए। कर्मचारी जब तक नोटों को ठीक से परख पाता, तब तक आरोपी तेजी से गाड़ी भगाकर वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं पंप मालिक राम लाल गर्ग ने चिंता जताते हुए कहा कि उनके पेट्रोल पंप पर इस तरह की धोखाधड़ी पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार जालसाज इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले पर थाना सिटी संगरूर के एसएचओ मनप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि गाड़ी के नंबर और आरोपियों की पहचान की जा सके। एसएचओ ने भरोसा जताया कि आरोपियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में कस लिया जाएगा।


