फतेहाबाद पुलिस ने भैंस व्यापारी से 1.90 लाख रुपए की लूट का खुलासा किया है। थाना जाखल पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह वारदात 28 जुलाई को हुई थी। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र सिंह उर्फ रवि उर्फ जुक्ता, यादविंद्र और सुखविंद्र सिंह के रूप में हुई है। ये सभी संगरूर (पंजाब) के गांव लहल कलां के निवासी हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि, टोहाना के राम नगर, वार्ड नंबर-4 निवासी किशोरी लाल ने थाना जाखल में शिकायत दर्ज कराई थी। किशोरी लाल जाखल और टोहाना क्षेत्र में भैंसों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को वे मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुरा से टोहाना लौट रहे थे। तीन युवकों ने रोका कारोबारी का रास्ता जब वे कुदनी हेड के पास पहुंचे, तो पीछे से मोटरसाइकिल पर आए तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। एएसपी ने बताया कि आरोपियों में से एक ने तेजधार हथियार दिखाकर कारोबारी को डराया और उसकी गर्दन पर हथियार रखकर उसकी पेंट की जेब 1.90 लाख रुपए निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना जाखल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और गहन जांच के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है और वे पूर्व में भी कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान सामने आया कि रविंद्र सिंह उर्फ रवि उर्फ जुक्ता तथा सुखविंद्र सिंह पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। एएसपी ने बताया कि आरोपी यादविंद्र के संबंध में वर्तमान जांच के दौरान ऐसा कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। एएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार, लूटी गई नकदी की बरामदगी, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच जारी है। यदि जांच के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस* के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था भंग करने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


