भास्कर न्यूज | जालंधर बोधगया महाबोधि महाविहार को गैर-बोधियों के कब्जे से मुक्त कराने के लिए अंबेडकर मिशन सोसाइटी पंजाब ने अंबेडकर भवन ट्रस्ट, आल इंडिया समता सैनिक दल पंजाब यूनिट, अंबेडकर बुद्ध विहार मकसूदां और अन्य बोधी तथा अंबेडकरी संस्थाओं के सहयोग से डॉ. बीआर अंबेडकर चौक में शुक्रवार को भूख हड़ताल की। यह भूख हड़ताल भीखू-संघ तथशिला महाबुद्ध विहार लुधियाना, भंते प्रज्ञान बोधी, भंते सुकता नंद महाथेरो और भंते चंद्र कीर्ति की अगुवाई में की गई। इसमें बीटी अधिनियम 1949 को निरस्त किया जाने और महाबोधि महाविहार का संपूर्ण नियंत्रण बौद्धों को दिया जाने, महाबोधि महाविहार को गैर-बौद्धों से मुक्त कराने के लिए संघर्ष कर रहे मान्य भिक्षुओं और उपासकों पर पुलिस द्वारा किए जा रहे अत्याचार बंद किए जाने, गौतम बुद्ध से संबंधित प्राचीन और ऐतिहासिक निशानियों को खुर्द-बुर्द करने का कार्य बंद किया जाने, बुद्ध पूर्णिमा की गजटेड छुट्टी का ऐलान किया जाने और राज्यों द्वारा गठित किए गए अल्पसंख्यक समुदाय आयोग में बौद्धों के प्रतिनिधि दिया जाने आदि मांगों को सरकार से जल्दी से जल्दी मानने की अपील की गई ताकि समाज में शांति व्यवस्था और भाईचारा कायम रह सके। भुख हड़ताल के दौरान डॉ. जीसी कौल, प्रोफेसर बलबीर, बंटी वरियाणा, एडवोकेट हरभजन सांपला, बलदेव राज भारद्वाज, जसविंदर वरियाणा, हरमेश जस्सल, शाम लाल जस्सल, राज कुमार वरियाणा ने अपने विचार पेश किए। कार्यक्रम का संचालन प्रधान चरण दास संधू ने किया। सोहन लाल ने सभी का धन्यवाद किया।


