भास्कर न्यूज | जांजगीर जिला अस्पताल के कर्मचारियों व सिविल सर्जन के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। डॉक्टर व कर्मचारी ने शुक्रवार को भी प्रभारी सिविल सर्जन डॉ दीपक जायसवाल को हटाने के लिए एक बार फिर से विरोध प्रदर्शन किया। डॉक्टरों व अन्य नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों को परेशानी न हो इसे देखते हुए ओपीडी बंद होने के बाद अस्पताल के परिसर के सामने बैठकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। इधर विवाद बढ़ा देख सांसद कमलेश जांगड़े जिला अस्पताल पहुंची हुई थी। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों ने सांसद को भी ज्ञापन देकर प्रभारी सिविल सर्जन को हटाने मांग की है। मामले में कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच टीम बनाया है। टीम ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने अपने बयान लिए हैं। सिविल सर्जन पर जांच को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने उन्हें पद से हटाने की मांग की। कर्मचारियों ने जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बुधवार को प्रभारी सिविल सर्जन पर कर्मचारियों को डराने, प्रताड़ित करने, तबादला व प्रशासनीक कार्रवाई करने सहित कई आरोप लगे हैं।


