बयाना-रुदावल स्टेट हाइवे पर ब्रह्मबाद पुल के पास शुक्रवार दोपहर सड़क पर अचानक रॉंग साइड से आए शराबी युवक को बचाने के प्रयास में बेकाबू हुई ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में युवक का पैर घुटने से नीचे कटकर अलग हो गया। वहीं ट्रैक्टर ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को बयाना के उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल हुआ युवक शराब के नशे में था। जो सड़क पर चलते हुए लडखडा रहा था। लोगों ने बताया कि युवक पास में गोदाम की आड़ में अवैध शराब की दुकान से शराब पीकर आया था। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे गांव सिंघाड़ा निवासी देवीसिंह जाटव चलते हुए अचानक भी सड़क पर आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बयाना से रुदावल की तरफ जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर ट्राली, सड़क पर आए युवक देवीसिंह (30) को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क से नीचे उतरकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। इससे उसका बायां पैर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सूचना देकर 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया और घायल युवक को बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया।


