गुमला| सदर थाना क्षेत्र 5 अगस्त को चेहल्लुम के अवसर पर 30 जुलाई को गुमला थाना में अपराहन तीन बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में एसडीपीओ, एसडीओ सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। जानकारी थानेदार विनय कुमार ने देते हुए बताया कि पर्व को शांति पूर्वक मनाने के लिए आपसी सहमति से विचार विमर्श किया जाएगा। लोहरदगा|शहर के सुभाष चौक निकट स्थित रामकली देवी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में अषाढ़ पूर्णिमा पर गुरु पूर्णिमा उत्सव के तहत महर्षि वेदव्यास की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन हरि वनवासी विकास समिति के संचालन में हुआ। मुख्य अतिथि लखपति साहू ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। वैद्यनाथ मिश्र ने कहा कि गुरु विवेक देने वाले प्रकाश पुंज होते हैं और उनके प्रति श्रद्धा का भाव बनाए रखना चाहिए। सुमन राय ने गुरुओं को समाज का सजग प्रहरी बताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन से समाज को बल मिलता है। लखपति साहू ने कहा कि शिक्षक बच्चों को उच्च आदर्शों की प्रेरणा देते हैं, जिससे समाज मजबूत होता है। उन्होंने महर्षि वेदव्यास के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा और समर्पण का अवसर है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कुछ बच्चों ने बताया कि वे नर्सरी से इसी विद्यालय में पढ़ रहे हैं और शिक्षकों से मिले संस्कारों को जीवन में अपनाने का प्रयास कर रहे हैं। छात्राओं ने गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु पर नृत्य प्रस्तुति दी। मंच संचालन आचार्य सुधांशु कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन शुभकामना मंत्र के साथ हुआ।


