चाईबासा के बस स्टैंड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। तीन बदमाशों ने बाइक से आकर डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक तरुण कुमार विश्वकर्मा सुबह केंद्र खोल रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाश ग्राहक बनकर आए। उन्होंने पैसे निकालने का बहाना बनाया। फिर पिस्टल दिखाकर काउंटर में रखे डेढ़ लाख रुपए लूट लिए। पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी बदमाश भागते समय सीसीटीवी कैमरा भी अपने साथ ले गए। उन्होंने संचालक को पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि पुलिस में शिकायत करने पर जान से मार देंगे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने केंद्र संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।


