सिटी रिपोर्टर | बोकारो श्रावण मास की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जीवंत करते हुए उन्नति फाउंडेशन के तत्वावधान में गुरुवार को कैंप-2 टाउन हॉल में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। हरियाली, पारंपरिक परिधानों, सावन गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्सवमय रहा। कार्यक्रम में मेहंदी, पारंपरिक वेशभूषा तथा अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन मुख्य अतिथि एवं निर्णायक जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी और डॉ. राशि सिन्हा ने किया। दोनों अतिथियों ने कहा कि सावन भारतीय संस्कृति, प्रकृति और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। फाउंडेशन की संस्थापिका अर्चना सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव महिलाओं को जोड़ने, उनकी प्रतिभा निखारने तथा आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में बबली सरकार, रत्ना गुप्ता, सरिता पुरोहित, अंजू सिंह, अनीता झा, सुलेखा कुमारी, इंदिरा सिंह, पुनीता, कृष्णा, संजुक्ता, मोनाद, दीप्ति, अनुराधा, रश्मि, अनु, सुमन, मोना, ममता, रीना, ज्योति रानी, खुशबू, रूपा, लिपि, नीतू, प्रियंका, शोभा, पूनम, श्रीति, रुमा आदि शामिल हुईं।


