भास्कर न्यूज | अमृतसर राजासांसी नगर पंचायत कार्यालय में वीरवार को जसराऊर और पदरी के पंचायत चुनावों की दोबारा मतगणना हुई। रिकाउंटिंग में गांव जसराऊर में जहां कांग्रेस समर्थित सरपंच कंवलजीत सिंह ने अपनी जीत बरकरार रखी, वहीं पदरी गांव में आप समर्थित उम्मीदवार तरसेम सिंह को कोर्ट के दखल से करीब 2 साल बाद इंसाफ मिला। जसराऊर गांव में सरपंच पद के लिए दोबारा हुई मतगणना में कंवलजीत सिंह ने आप के प्रत्याशी शमशेर सिंह को 5 वोट के अंतर से पराजित किया। शुरुआती मतगणना में कंवलजीत 12 वोट से जीते थे। कांग्रेस के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष दिलराज सिंह सरकारिया ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने धांधली की कोशिश की, लेकिन सच्चाई की जीत हुई। वहीं गांव पदरी में पंच पद की रिकाउंटिंग के नतीजों ने बड़ी धांधली को उजागर कर दिया। यहां आप समर्थित तरसेम सिंह को 12 वोट से विजेता घोषित किया गया। गांव के पूर्व सरपंच चंद संधू ने बताया कि मूल गिनती में तरसेम सिंह को 65 और उनके प्रतिद्वंद्वी गुरभेज सिंह को 53 वोट मिले थे। इसके बावजूद तत्कालीन चुनाव अधिकारियों ने गलत तरीके से कम वोट वाले गुरभेज को विजेता घोषित कर दिया था। इस धक्केशाही के खिलाफ तरसेम ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। करीब 2 साल चली कानूनी लड़ाई के बाद अदालत के आदेश पर रिकाउंटिंग हुई और सच्चाई सामने आई।


