अमृतसर| शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर पाकिस्तान जाने के चाहवान श्रद्धालुओं से पासपोर्ट मांगे हैं। सिख श्रद्धालुओं का जत्था नवंबर 2026 में पाकिस्तान के गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब व अन्य गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन दीदार के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए कमेटी ने वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके तहत श्रद्धालु 10 अगस्त तक अपने पासपोर्ट जमा करवा सकेंगे। सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने कहा कि चाहवान श्रद्धालु अपने पासपोर्ट कमेटी के मुख्यालय स्थित यात्रा विभाग को एसजीपीसी के सदस्य की सिफारिश के साथ 10 अगस्त तक पासपोर्ट भेज दें। काहलवां ने बताया कि पासपोर्ट के साथ पहचान के तौर पर आधार कार्ड या वोटर कार्ड की फोटोकॉपी लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जत्थे में सिंगल महिला भी अप्लाई कर सकती हैं, विवाद न हो इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि वेरिफिकेशन के बाद ही संबंधित महिला को यात्रा की इजाजत प्रदान करें।


