बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी कुलबीर सिंह सिद्धू के दो शार्प शूटरों मानवजीत सिंह और विशाल से वीरवार को लंबी पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर अमृतसर में रेड की गई। अमृतसर में ही दोनों को आतंकी के करीबी भंगू ने दो पिस्टल दिए थे। दोनों आरोपी मानते हैं कि उन्हें 4 महीने के अंदर 2 लाख रुपए मिले थे। यह पैसे उनके खाते में नहीं बल्कि कैश ही मिलते थे। पुलिस ने उन 4 लोकेशन की निशानदेही भी करवाई है। आतंकी पहले उन्हें सोशल मीडिया के जरिये एक लोकेशन भेज देता था। वहां पर पहुंच जाने के बाद फिर उस जगह की लोकेशन व फोटो शेयर कर देता था। यहां पर पैसे छुपाकर पहले ही आतंकी का साथी रख कर गया होता था। आरोपी कहते हैं कि कुलबीर का साथी कभी उनके सामने नहीं आया, लेकिन कुलबीर कहता था कि उनकी हर मूवमेंट पर नजर रखने के लिए एक अलग से नेटवर्क है।


