सकी नाले की सफाई के लिए सेना ने दी मंजूरी : धालीवाल

भास्कर न्यूज | अमृतसर विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के प्रयासों से सकी नाले के अंतिम हिस्से की सफाई के लिए भारतीय सेना से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिल गया है। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। विधायक धालीवाल ने बताया कि सक्की नाले का लोधी गुज्जर गांव से रावी नदी तक का लगभग 5 किलोमीटर का क्षेत्र भारतीय सेना के अधिकार क्षेत्र में आता है। सेना की अनुमति न मिलने के कारण इस हिस्से में डी-सिल्टिंग का काम रुका हुआ था। इससे नाले में भारी मात्रा में गाद जमा हो गई थी और पानी की निकासी बेहद धीमी हो गई थी। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ब्रिगेडियर एसएस छिल्लर (एसएम), ब्रिगेडियर सुखबीर सिंह और कमांडिंग ऑफिसर एंटनी रॉबिन्स डी के साथ हुई सौहार्दपूर्ण बैठक में इस कार्य के लिए अनुमति दे दी गई है। धालीवाल ने कहा कि जैसे ही जल स्तर कम होगा, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर डी-सिल्टिंग का काम शुरू करा दिया जाएगा। इससे सक्की नाले में पानी का बहाव सुचारु होगा, जिससे किसानों की फसलों, गरीब मजदूरों और आम लोगों को बरसात के दौरान होने वाले नुकसान और जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे के समाधान में मिले सहयोग के लिए भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *