भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जतिंदर कौर ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमरदीप सिंह बैंस के साथ केंद्रीय जेल अमृतसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद कैदियों के स्वास्थ्य, खान-पान, रहन-सहन और उनके कानूनी अधिकारों की स्थिति का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक राजीव कुमार अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। न्यायाधीश ने सबसे पहले जेल के लंगर हॉल का मुआयना किया और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और सफाई की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बंदियों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन ही परोसा जाए। इसके अलावा, चिकित्सा अधिकारी को बुलाकर कैदियों के स्वास्थ्य और उन्हें मिल रही डॉक्टरी सुविधाओं की जानकारी ली गई। टीम ने ‘विशेष सुरक्षा प्रकोष्ठ’ का भी दौरा किया, जहां संवेदनशील और उच्च जोखिम वाले बंदियों को रखा जाता है। न्यायाधीश जतिंदर कौर ने बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कैदियों के लंबित अदालती मामलों की जानकारी ली और पूछा कि क्या उन्हें कोई कानूनी मदद चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बंदियों के मानव अधिकारों, स्वास्थ्य और मुफ्त कानूनी सहायता का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। यह निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की उस मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत जेल में बंद हर व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना सुनिश्चित किया जाता है।


