भास्कर न्यूज | जालंधर नगर निगम कर्मियों और सहयोगी संगठनों के एक गुट ने वीरवार को हड़ताल रखी और प्रभु श्रीराम चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेता बंटू सभ्रवाल ने कहा कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुआ लाठीचार्ज निंदनीय है और इंसाफ की मांग की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रहे कर्मियों पर कार्रवाई की गई, जबकि सरकार का रवैया पुलिस के प्रति नरम दिखाई दे रहा है। धरने के दौरान दीपक तेलू ने भी अपने विचार रखे। कर्मचारी नेता शम्मी कल्याण ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। इससे पहले हड़ताल में शामिल न होने वाले कुछ कर्मचारी संगठनों ने काम जारी रखा था। उधर नूरमहल, करतारपुर और जिले की अन्य नगर कौंसिलों के क्षेत्रों में संपूर्ण बंद रहा। कर्मचारियों ने बताया कि रोष प्रदर्शन आगे भी जारी रहेंगे।


