दौसा के आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में पांच दिवसीय होली महोत्सव 11 मार्च को शुरू होगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंदिर ट्रस्ट सचिव एमके माथुर ने बताया- सिद्धपीठ के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में 11 मार्च को मंगला आरती के साथ होली महोत्सव का आगाज होगा। पांच दिवसीय महोत्सव 16 मार्च तक चलेगा। इस दौरान बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं में इजाफा करने के साथ अन्य आवश्यक बंदोबस्त किए जा रहे हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए दौसा व करौली जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। यहां होली के अवसर पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश समेत देशभर से बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं, साथ ही पदयात्राओं के जत्थों का भी जमघट लगा रहता है। होलिका दहन का विशेष महत्व होने के कारण श्रद्धालुओं द्वारा नारियल अर्पित किए जाते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर ट्रस्ट के सुरक्षा गार्ड्स के अलावा अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा। जिसे लेकर मानपुर और टोडाभीम पुलिस सर्किल क्षेत्र का अतिरिक्त जाप्ता तैनात रहेगा। वहीं दूसरी ओर बाजार में यातायात संचालन सुचारु रखने के लिए प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि शुक्रवार को व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए बाजार बंद कर दिया था, लेकिन पूर्व में मीणा सीमला व उदयपुरा ग्राम पंचायतों द्वारा निर्धारित सीमा में ही दुकानें संचालित करने पर सहमति बनी। व्यापार मंडल के लोगों ने ठेला और ऑटो के कारण बाजार में अव्यवस्था की बात कही है, जिसे दुरुस्त करने को लेकर पुलिस-प्रशासन कवायद में जुटा हैं।


