भास्कर न्यूज | राजनांदगांव श्री श्याम परिवार मित्र मंडल खाटू वाले श्याम प्रभु का फागुन महोत्सव धूमधाम से मनाएगा। इसकी शुरुआत 8 मार्च से होगी। चार दिवसीय फागुन महोत्सव के पहले दिन शनिवार को सुबह 10 बजे से उदयाचल प्रांगण में खाटू वाले श्याम प्रभु का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद श्याम नाम की मेहंदी का उत्सव मनाया जाएगा। श्री श्याम परिवार मित्र मंडल के संरक्षक गोपाल अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, अशोक लोहिया, अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने बताया कि 8 मार्च सुबह 10 बजे चार दिवसीय श्री श्याम महोत्सव का शुभारंभ बाबा श्याम के दुग्धाभिषेक से होगा। कोई भी भक्त अपने घर से गाय का दूध लाकर अभिषेक कर सकता है। दूध अभिषेक के दौरान ही भक्त माता-बहनों को श्याम नाम की मेहंदी लगाई जाएगी। शाम 5 बजे उदयाचल प्रांगण से निशान यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्याम प्रभु की झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। श्रद्धालु धर्म ध्वजा (निशान) लेकर निशान यात्रा में शामिल होंगे।


