भरतपुर के हलैना में एक नाबालिग लड़की और उसकी मां को गली में घसीटने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। लड़की ने छेड़छाड़ा का मामला दर्ज कराया था। आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी लेकिन वह 6 दिन बाद जेल से बाहर आ गया। इसके बाद शुक्रवार को आरोपी पक्ष की महिलाओं ने लड़की और उसकी मां की पिटाई कर दी। शनिवार को पीड़ित मां-बेटी एसपी मृदुल कच्छावा से मिलीं और न्याय की गुहार की। जानकारी के अनुसार- लड़की के पिता ने 8 जनवरी 2024 को हलैना थाने में FIR दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था- मेरी 15 साल की बेटी को गांव का एक युवक परेशान कर रहा है। बेटी स्कूल जाती है तो उसका पीछा करता है। अश्लील हरकतें करता है। 7 जनवरी को बेटी जंगल में गई थी। आरोपी उसके पीछे-पीछे जंगल में पहुंच गया और अश्लील हरकतें करने लगा। बेटी उससे बचकर भागते हुए घर पहुंची। उसने मुझे घटना के बारे में बताया। इसके बाद में आरोपी के घर गया और उसके पिता को घटना के बारे में बताया। इस पर लड़के का पिता झगड़े पर उतारू हो गया। लड़की के पिता ने बताया- इस घटना के बाद 8 जनवरी को हलैना थाने में केस दर्ज कराया था। आरोपी को 17 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन 6 दिन बाद 23 जनवरी को वह जेल से बाहर आ गया। जेल से आने के बाद भी वह बेटी से छेड़छाड़ करता रहा और धमकियां देता रहा। इसके बाद मैं दोबारा पुलिस से शिकायत करने पहुंचा। इससे आरोपी पक्ष के लोग गुस्सा हो गए। शुक्रवार को आरोपी के परिजन घर में घुस आए। वे लड़की और मां को घसीटते हुए घर के बाहर ले आए। उन्हें घसीटते हुए अपने घर ले गए और बेरहमी से पीटा। उन्होंने बेटी के साथ भी मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ महिलाएं एक महिला को पीटती दिख रही हैं। घटना कल शुक्रवार की बताई जा रही है।


