भीलवाड़ा में अवैध बजरी दोहन को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई। मंगरोप थाना क्षेत्र के कलुंदिया गांव में बजरी के अवैध कारोबार में लगे 23 डंपर, 4 जेसीबी, 12 ट्रैक्टर और 7 एलएनटी मशीनें जप्त की गई। आईपीएस(प्रोबेशनर) जतिन जैन ने बताया कि मंगरोप थाना क्षेत्र से गुजर रही बनास नदी से अवैध बजरी दोहन की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इनके निस्तारण के लिए एक टीम गठित की गई। टीम ने शनिवार की सुबह करीब 5 बजे दबिश देकर कार्रवाई की। इस मौके पर बजरी के अवैध कारोबार में लगे 23 डम्पर, 4 जेसीबी,12 ट्रैक्टर व 7 एलएनटी मशीनें जप्त की है। मौके से कुछ लोगों को डिटेन भी किया गया है। अचानक पुलिस की कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया हैं। जैन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान बजरी माफिया अवैध दोहन कर रहे थे। आईपीएस के साथ टीम को देखकर कई माफिया मौके से भाग निकले। जबकि दो से तीन लोगों को मौके पर ही डिटेन कर लिया गया। सूचना पर डीएसपी सदर श्यामसुंदर विश्नोई, हमीरगढ़ व मंगरोप थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बनास नदी में वाहनों को जप्त करने की कार्रवाई करीब चार घंटे चली। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही डंपर समेत अन्य गाड़ियों के मालिकों की भी तलाश की जा रही है।


