फरीदकोट में बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित फार्मेसी अफसर भर्ती परीक्षा के विवाद को लेकर पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन (पीएसयू) का यूनिवर्सिटी समक्ष धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान यूनियन नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 4 अगस्त को प्रदेश स्तर का प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन में राज्यभर से विभिन्न छात्र, युवा और जन संगठनों के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के प्रांतीय महासचिव धीरज फाजिल्का व जिलाध्यक्ष हरबीर कौर ने कहा कि भर्ती परीक्षा विवाद को केवल नकल तक सीमित बताकर इसके पीछे छिपी बड़ी साजिश को दबाने की कोशिश की जा रही है। जब परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद ही प्रश्नपत्र हरियाणा पहुंच गया, तो इसे केवल नकल नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा पूर्व में आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं की भी निष्पक्ष जांच करवाई जानी चाहिए। इसके अलावा यूनियन नेताओं ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के अधिकारियों पर व्यापक स्तर पर धांधली के गंभीर आरोप भी लगाए। यूनिवर्सिटी की नियुक्तियों में भ्रष्टाचार का आरोप यूनिवर्सिटी के अधीन बनाए जा रहे भवनों में काम पूरा होने से पहले ही ठेकेदारों को भुगतान कर दिया गया। निर्माण कार्यों में घटिया गुणवत्ता की सामग्री इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया। मशीनरी खरीदने में भी सरकारी खजाने को चूना लगाया गया। यूनिवर्सिटी की नियुक्तियों में भी बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया और कथित रूप से पैसे लेकर नौकरियां दी गईं। उन्होंने यूनिवर्सिटी में हुए घोटालों तथा भर्ती प्रक्रियाओं की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाने की मांग रखी। बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन 4 अगस्त को बड़े स्तर पर रोष प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस प्रदर्शन में पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल होकर भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।


