लोकसभा स्पीकर बोले- राजा-महाराजाओं के राज में भी लोकतंत्र था:आजादी के बाद ही लोकतंत्र नहीं आया; नाम लिए बिना गहलोत पर तंज

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि हमारे राजा-महाराजाओं के राज हुआ करते थे, उसमें भी लोकतंत्र हुआ करता था। इसलिए लोकतंत्र आजादी के बाद का लोकतंत्र नहीं है। लोकतंत्र हमारी विरासत में रहा है। लोकतंत्र हमारी कार्यप्रणाली में रहा है। बिरला ने कहा- हमें खुशी है कि पंचायत राज संस्थाओं का उदय भी राजस्थान से हुआ। राजस्थान तो लोकतंत्र की सबसे बड़ी जननी है। बिरला जयपुर में विधानसभा के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के शुभारंभ समारोह में बोल रहे थे। पूर्व स्पीकर सीपी जोशी को धन्यवाद दिया, गहलोत पर इशारों में तंज
स्पीकर ओम बिरला ने पूर्व स्पीकर सीपी जोशी को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब बनाने के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर नाम लिए बिना तंज कसा। गहलोत ने दो दिन पहले ही कहा था कि इस क्लब का उद्घाटन उनके कार्यकाल में हो चुका है। ओम बिरला संवैधानिक पद पर है, उन्हें इसमें नहीं आना चाहिए। बिरला ने कहा- सरकारें आती-जाती रहती हैं। निर्माण कार्य चलते रहते हैं। लोकतंत्र में कोई स्थायी सरकार नहीं होती, जनमत के आधार पर परिवर्तन होते रहते हैं। कोई यह कहे कि मेरे द्वारा बनाया गया है यह न्यायपूर्ण नहीं है। यह नियमित प्रक्रिया है, जो चलती रहती है। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब का भी ऐसे शुभारंभ हुआ है। भवन बनाना उतना अहम नहीं है, इसे चलाते कैसे हैं, यह अहम है। मतभेदों के बावजूद सदन में गतिरोध कैसे खत्म हो इसका प्रयास करें
बिरला ने कहा- मैं चाहूंगा कि राजस्थान विधानसभा में भी मत भिन्नता के बावजूद कोशिश करनी चाहिए कि गतिरोध को कैसे समाप्त कर सकते हैं। हमारी भाषा कैसी होनी चाहिए, हमारा विचार व्यवहार कैसा होना चाहिए। हमारी अभिव्यक्ति कैसी होनी चाहिए। हमें जनता ने चुनकर भेजा है। ओम बिरला ने कहा- आजकल लोकसभा से लेकर विधानसभाओं तक में नियोजित तरीके से गतिरोध होने लग गया। सुबह से तय करके आते हैं कि आज लोकसभा-विधानसभा नहीं चलने देनी है। यह नियोजित गतिरोध सही नहीं है। सदन चले, इसका प्रयास करना चाहिए। मैंने तो स्पीकर से कहा है कि जितनी भी लोकतांत्रिक संस्थाएं हैं, उनमें गतिरोध खत्म कर चर्चा का माध्यम बनना चाहिए और यह कॉन्स्टिट्यूशन क्लब इसी चर्चा का केंद्र बनेगा। जब विधानसभा में कभी गतिरोध होगा तो अनौपचारिक चर्चा के लिए इस कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आएंगे और अनौपचारिक चर्चा करेंगे। ओम बिरला ने की सीएम भजनलाल की तारीफ
ओम बिरला ने सीएम भजनलाल की तारीफ करते हुए कहा- मुझे खुशी है कि भजनलाल शर्मा का आधुनिक राजस्थान बनाने का प्रयास बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने 2 बजट में बताया है कि राजस्थान की कल्पना कैसे कर रहे हैं। राजस्थान के आधारभूत विकास के साथ समाज के वंचित लोगों का जीवन बदलने की दिशा में काम हाथ में लिया है। बिरला ने कहा- इसी राजस्थान से अंत्योदय योजना की शुरुआत हुई थी, जिसे पूरे देश में आगे जाकर अपनाया। राजस्थान के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भी ऐसी योजनाएं लाए जाने की उम्मीद है, जो देश के लिए पहल बन सके और समाज के वंचित गरीब लोगों के जीवन को सरल बना सके। भजनलाल शर्मा ने पूर्व विधायकों की चुटकी ली, कहा- भोजन भी मिलेगा
सीएम भजनलाल शर्मा ने पूर्व विधायकों से चुटकी लेते हुए कहा- क्लब में भोजन की भी व्यवस्था होगी। यहां पूर्व और मौजूदा विधायकों को ऐसा वातावरण उपलब्ध होगा, जहां वे नीतियों पर चर्चा कर सकें, समाज के प्रमुख व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित कर सकें। कांग्रेस के बहिष्कार पर तंज, कहा- पहले तैयार थे, अब पता नहीं क्या प्रेशर आया
कांग्रेस विधायकों और नेताओं के समारोह का बहिष्कार करने पर सीएम भजनलाल शर्मा ने तंज कसते हुए कहा- नए मकान में जाते हैं तो तो विधि विधान के साथ शुभारंभ करते हैं। हमारे मित्र पहले तो तैयार थे कि आ जाएंगे कोई दिक्कत नहीं, लेकिन बाद में पता नहीं कौनसा प्रेशर आ गया। लेकिन ऐसे अवसर आते हैं तो लगना चाहिए कि हम राजस्थान के विकास के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं। अगर हम इस तरह की सोच रखेंगे तो मूल धारणा को भूल जाएंगे ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *