भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुरनगर जिले के कुनकुरी में शनिवार को आयोजित वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में हजारों लोगों ने लाभ िलया। इस शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव की जयंती पर किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता, छत्तीसगढ़ी महतारी और स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की कि इस प्रकार का वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर हर साल 8 मार्च को आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर में जिले भर से 6052 मरीजों ने अपनी सेहत का परीक्षण कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह लगातार कोशिश है कि छत्तीसगढ़ के नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर और सस्ता लाभ मिल सके। उन्होंने इस दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि इस साल के बजट में जशपुर के कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जशपुर में शासकीय नर्सिंग कॉलेज और शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज खोलने का भी निर्णय लिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों के जरिए जशपुर के नागरिकों को बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए अन्य शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे इस शिविर का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि जांच के दौरान किसी मरीज में गंभीर बीमारी का पता चलता है, तो रायपुर में उनके इलाज की समुचित व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कई लोगों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। उन्होंने सुंदर यादव, सुनीता बाई, भगवती सिंह, फ्रांसिस तिग्गा, प्लासिदियस केरकेट्टा और खिलासो बाई को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 10 टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण भी किया। इस मौके पर विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा, आईजी अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सदस्य शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण राय, और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। टीबी मरीजों के सेवा में निक्षय मित्रों को सम्मान स्वास्थ्य शिविर के दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों की सेवा में योगदान देने वाले निक्षय मित्रों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएमएचओ जशपुर डॉ. जी. एस. जात्रा, डीडीएम निरंजन प्रसाद गुप्ता और भरत रत्नम खुटे को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इन व्यक्तियों ने जशपुर जिले के विशेष पिछड़ी जनजातियों के टीबी मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान कर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


