नशे में वाहन चलाते 115 चालकों से 11.50 लाख रु. जुर्माना वसूला

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुरनगर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जिले में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में, स्कार्पियो वाहन के चालक विनय सिंह को नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस तरह की कार्रवाई से पुलिस ने यह संदेश दिया है कि नशे की हालत में वाहन चलाना अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने के 115 मामलों में जुर्माना वसूला, जिसमें कुल 11 लाख 50 हजार रुपए की राशि वसूल की गई। इसके अलावा, बिना हेलमेट के 289 मामलों में 65 हजार 900 रुपये और बिना सीट बेल्ट के 162 मामलों में 81 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार, जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 566 मामलों में 12 लाख 96 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। जशपुर पुलिस ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक बड़े अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों को दंडित किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *