रांची | झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिला संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पुरुलिया रोड स्थित एसडीसी सभागार हॉल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला और मानव अधिकार विषय पर कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। वक्ताओं ने महिला अधिकार से संबंधित कई मुद्दों पर महिलाओं से चर्चा की। इस दौरान महिलाओं को नृत्य संगीत के माध्यम से सशक्त होने का संदेश भी दिया गया। महिलाओं ने कहा कि घरेलू कामगार महिलाएं घर-घर काम कर दूसरों की जिंदगी आसान बनाती हैं। कम वेतन, असुरक्षित कार्यस्थल और सामाजिक सम्मान की कमी का सामना करना पड़ता है, कई बार उन्हें मजदूरी से वंचित कर दिया जाता है। सरकार और समाज को मिलकर इनके अधिकारों की रक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए। महिलाओं के आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देकर इनके जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके बाद दोपहर 2 बजे से मिशन चौक, पुरूलिया से अल्बर्ट एक्का चौक तक रैली निकाली गई। महिलाओं ने कहा अधिकार के लिए सभी महिलाओं को एकजुट होना होगा। मौके पर घरेलू महिला कामगार यूनियन की संगीता बेक, महिला उत्पीड़न विरोधी व विकास समिति की लक्ष्मी गोप, महुआ महिला मंच की मनोनित तोपनो, रिटायर्ड महिला एसोसिएशन की मार्गेरेट मिंज, संयुक्त महिला समिति समेत अन्य महिला समिति शामिल थे।


