राजधानी में पहली बार पूर्वी भारत वास्तुविद सम्मेलन का आयोजन होगा। 20 और 21 दिसंबर को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा। इंडियन इंस्टीच्युट ऑफ आर्किटेक्ट झारखंड चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के 300 से अधिक आर्किटेक्टों का जुटान होगा। दो दिनों तक आर्किटेक्चर की चुनौती सहित विकास के रोडमैप पर चर्चा होगी। आईआईए झारखंड चैप्टर के अध्यक्ष अतुल सर्राफ ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में शहरी विकास, पर्यटन, यातायात समस्या को दूर करने सहित भवन निर्माण में नई तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में वास्तुकला परिषद के अध्यक्ष के साथ पूर्वी भारत के बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड, असम सहित अन्य स्थानों के नामी आर्किटेक्ट शामिल होंगे। कार्यक्रम में झारखंड के विकास की संभावना और चुनौतियों पर भी चर्चा करके संबंधित विभाग के अफसरों को इसकी सूचना दी जाएगी। इस मौके पर सीनियर आर्किटेक्ट अरुण कुमार, अपूर्व मिंज, अमित बारला, निेतेश पॉल नाग, गोपीकांत महतो, अनुषा सिन्हा, अभिषेक सिंह और अनूप कुमार सहित अन्य आर्किटेक्ट उपस्थित थे।


