झारखंड प्रशासनिक सेवा के नौ अफसरों को आईएएस में प्रोन्नति देने के लिए दिल्ली में हुई बैठक में मुहर लग गई है। यूपीएससी चेयरमैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक घंटे के अंदर प्रोन्नति संबंधी औपचारिकता पूरी कर ली गई। यूपीएससी अब प्रोन्नति पानेवाले अफसरों की सूची राज्य सरकार को भेजकर चयनित अफसरों के बारे में इंटीग्रिटी सर्टिफिकेट मांगेगा। राज्य सरकार से इंटीग्रिटी मिलने के बाद डीओपीटी प्रोन्नति संबंधी अधिसूचना जारी कर देगा। इसमें लगभग 15 दिनों का समय लग सकता है। सूत्रों के अनुसार सुधीर बाड़ा, अनिल कुमार तिर्की, शैल प्रभा कुजूर, संदीप कुमार, पशुपति नाथ मिश्र, राज कुमार गुप्ता, नीलम लता और पवन मंडल का नाम सहमति बन गई है। जबकि, आरोपों के कारण सुधीर दास और संजय कुमार के नाम पर सहमति नहीं बनी। नन एससीएस मामले में कैट 22 जनवरी को करेगा सुनवाई गैर प्रशासनिक सेवा से आईएएस में प्रोन्नति पाने के लिए राज्य सरकार द्वारा 10 पदों को चिह्नित करने के मामले में केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) की रांची बेंच ने बुधवार को सुनवाई की। यूपीएससी का पक्ष नहीं आने के कारण कैट ने सुनवाई की अगली तिथि 22 जनवरी तय की है। इधर, 27 दिसंबर को यूपीएससी नन एससीएस से आईएएस में प्रोन्नति के लिए इंटरव्यू की तिथि तय कर दी है। इस तरह प्रोन्नति पर निर्णय हो जाने के बाद कैट सुनवाई करेगा।


