जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के मथानिया थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद मुकदमा दर्ज करवाने जा रहे एक व्यक्ति को कार से टक्कर मार नीचे गिरा दिया। इसके बाद पिकअप से कुचल दिया। घायल रिटायर्ड फौजी को MDM हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अब उसके पुत्र की ओर से नामजद रिपोर्ट दी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं मृतक की बॉडी का MDM हॉस्पिटल मोर्चरी से पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृतक छतर सिंह का अपने ही चेचेरे भाई गंगासिंह के बीच खेत से रास्ता निकालने की बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते शनिवार रात को आपसी कहासुनी हो गई थी। इस पर गंगा सिंह ने छतर सिंह के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी थी। इसी मामले में छतर सिंह भी क्रॉस मुकदमा दर्ज करवाने के लिए रविवार सुबह 11 बजे बाइक पर अपने बेटे रविंद्र पाल सिंह और रिश्तेदार ऋषिराज सिंह के साथ मथानिया थाने की तरफ आ रहा था। वह गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंचा था जिसके पीछे एक तेज गति से स्विफ्ट कार आई और उसने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार छतर सिंह समेत तीनों नीचे गिर गए। छतर सिंह संभल पाते उससे पहले ही पीछे से एक और पिकअप कार आई और उसने छतर सिंह के ऊपर से पिकअप निकाल दी। इसके चलते वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक छतर सिंह पूर्व में सेना से रिटायर थे। वर्तमान में प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। जबकि उनका बेटा सरकारी टीचर है। थानाधिकारी जय किशन सोनी ने बताया कि बालरवा निवासी छतर सिंह (52) पुत्र मालम सिंह की हत्या को लेकर रिपोर्ट दी गई है। पुत्र रविन्द्र पाल सिंह की ओर से महिपाल सिंह पुत्र भोम सिंह, भोम सिंह पुत्र गंगा सिंह, राजू सिंह पुत्र गंगा सिंह व अजय पाल सिंह पुत्र देवी सिंह व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के आधार मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।


