श्मशान में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन:आज चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला; भैरव से प्रार्थना- न्यूजीलैंड पर मिले विजय

दुबई में चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड पर भारत की जीत के लिए दुआएं की जा रही हैं। भीलवाड़ा में श्मशान में भैरव मंदिर में टीम इंडिया की जीत के लिए रविवार को प्रार्थना और हवन किया गया। फाइनल मैच को लेकर भीलवाड़ा में क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। क्रिकेट प्रेमी हवन-यज्ञ के जरिए टीम की जीत की प्रार्थना कर रहे हैं। भीलवाड़ा के मोक्ष धाम स्थित मसानिया भैरवनाथ मंदिर में पुजारी रवि कुमार के सानिध्य में रविवार को 3 घंटे तक सहस्त्र यज्ञ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मंदिर प्रांगण में मौजूद रहे। भारत की जीत के लिए हवन कुंड में आहुतियां दीं। पुजारी बोले- हमारी कामना है, भारत जीते मंदिर के पुजारी रवि ने बताया- भारत लगातार अपने प्रतिद्वंद्वियों को पटखनी देते हुए फाइनल तक पहुंचा है। हम लोगों की कामना है कि भारत आज फाइनल जीते और देश में जश्न और उत्साह का माहौल बने। इसीलिए आज हमने बाबा भैरवनाथ के चरणों में भारत की जीत की अर्जी लगाई है। हम लोगों ने सहस्त्र यज्ञ किया है, इसमें आहुति दी हैं। हम सभी की यही कामना है कि भारत अपनी जीत का सिलसिला आज भी जारी रखे और चैंपियंस ट्रॉफी भारत जीते। क्रिकेट प्रेमी ने कहा- काफी जोश का माहौल है एक क्रिकेट प्रेमी सतीश ने बताया- फाइनल को लेकर भीलवाड़ा में काफी उत्सुकता और जोश का माहौल है। हमें पूरा यकीन है कि भारत अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगा और चैंपियन ट्रॉफी भारत के नाम होगी। हम सभी लोग आज मंदिर में इकट्ठा हुए हैं, रविवार का दिन है,भैरव बाबा का दिन है इसलिए हम सब यहां मंदिर में बाबा से भारत की जीत की कामना की है। बाबा हमारी जरूर सुनेंगे और भारत चैंपियन ट्रॉफी विजेता बनेगा। इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और भैरव बाबा के भक्त मौजूद रहे, जिन्होंने यज्ञ के दौरान हवन कुंड में आहुतियां देकर भारत की जीत की प्रार्थना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *