सीएम ने इंवेस्टमेंट समिट के एमओयू को लेकर ली बैठक:बोले- राजस्थान को बनाएंगे प्रमुख औद्योगिक केंद्र; कई निवेशकों ने धरातल पर शुरू किया काम

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट में हुए एमओयू को लेकर तीसरी समीक्षा बैठक ली। बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि एमओयू को धरातल पर उतारने के लिए सरकार प्रभावी दिशा में काम कर रही हैं। जिसका परिणाम है कि कई निवेशकों ने तो धरातल पर काम भी शुरू कर दिया है। सीएम भजनलाल शर्मा ने बैठक में संबंधित विभागों को एमओयू की क्रियान्विति के लिए परस्पर सामंजस्य और लगातार मॉनिटरिंग करने के लिए निर्देशित किया। नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन चिह्नित करें
बैठक में सीएम ने कहा कि प्रदेश में रीको को नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन की संभावना तलाशें। रीको को लैंड बैंक बनाने के लिए जिला कलेक्टर्स के साथ काम करने के लिए निर्देशित किया। इस लैंड बैंक के माध्यम से निवेशकों को जमीन की उपलब्धता के बारे में जानकारी मिल सकेगी। बैठक में सीएम ने मुख्य सचिव को जमीन आवंटन के प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री करेंगे जिला प्रशासन की समीक्षा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का विकास जरूरी है। इसलिए जिलों से लेकर गांव-ढाणी तक राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की प्रगति, बजट 2025-26 एवं राइजिंग राजस्थान एमओयू के क्रियान्वयन की गहनता से समीक्षा की जाए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आगामी दिनों में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जिला प्रशासन के कार्यों की समीक्षा करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *