झालावाड़ नगर परिषद की अतिक्रमण शाखा ने कोतवाली थाने के सामने अवैध निर्माण कार्य को रोक दिया है। यह मामला वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है। अतिक्रमण शाखा प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि जवाहर कॉलोनी में एक व्यक्ति छुट्टी का फायदा उठाकर निर्माण कार्य कर रहा था। वहां बेस बनाकर टीन शेड लगाने का काम चल रहा था। सूचना मिलते ही नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत निर्माण कार्य रुकवा दिया और संबंधित व्यक्ति को आगे निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी। आयुक्त नरेंद्र कुमार मीणा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एईएन भावेश कुमार, निरीक्षक चंद्रशेखर और अतिक्रमण शाखा की पूरी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मामला कोर्ट में है, तब तक कोई निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता है।


