सिटी रिपोर्टर|बोकारो सेक्टर 12 खालसा मैदान में पासवान सहयोग समिति का मिलन समारोह हुआ। बीजीएच के चिकित्सक डॉ. रवि ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समाज में एकता व समरसता की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। सबको एक समान समझना चाहिए। समाज के लोगों के बीच पारस्परिक सहयोग व समन्वय के साथ सहानुभूति रखनी चाहिए। इससे समाज का स्वरूप निखरेगा। भारत रत्न डॉ. भीम राव आंबेडकर सामाजिक समरसता के हितैषी थे। उन्होंने समाज के निचले पायदान पर खड़े लोगों के उत्थान की दिशा में सकारात्मक काम किया। उनके आदर्श को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। वहीं, बैजनाथ प्रसाद ने कहा कि सामाजिक सद्भाव से सशक्त समाज का निर्माण होता है। साथ ही समाज को तरक्की की राह पर अग्रसर करता है। इसलिए लोगों को इस दिशा में कदम आगे बढ़ाना चाहिए। रामपति राम ने कहा कि मानव जीवन में शिक्षा का विशिष्ट महत्व है। इसलिए बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करना चाहिए। महिलाओं को भी समाज के नवनिर्माण में आगे कदम बढ़ाना चाहिए। इसके अलावा कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार, एमके अभिमन्यु, दिनेश पासवान, जय प्रकाश, दिलीप पासवान आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन रमाकांत राम ने किया।


