शहर में बढ़ती गाड़ियों की संख्या का असर अब आउटर की सड़कों पर भी हो रहा है। वीआईपी तिराहा चौक में तो लोग जाम में फंस ही रहे हैं, लेकिन अब अग्रसेन धाम चौक से जोरा तक भी गाड़ियों की रफ्तार धीमी होती जा रही है। इस चौक से ललित महल के पास नवा रायपुर तक जाने वाली सर्विस रोड बदहाल होती जा रही है। सर्विस रोड का एक हिस्सा अभी भी बेहद कच्चा है। इस वजह से इस सड़क से आने-जाने वाले लोगों को खासी परेशानी होती है। खासतौर पर जोरा जाने वाले लोगों को इसी कच्ची सड़क से होकर जाना पड़ रहा है। रोजाना शाम 6 बजे के बाद इस सड़क के जाम में लोगों का फंसना तय है। वीकएंड यानी शनिवार-रविवार को यह स्थिति और खराब हो जाती है। क्योंकि लोगों की भीड़ और गाड़ियों की संख्या दोगुना हो जाती है। इस सड़क पर ट्रैफिक का जबरदस्त दबाव होने से यह सड़क हादसे भी होते रहते हैं। कई हादसों में लोगों की मौत हो चुकी है। यातायात वालों ने इस चौक और आगे की सड़क को ब्लैक स्पॉट भी माना है। यही सर्विस रोड इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को भी जोड़ती है। इस विवि में हर दिन सैकड़ों छात्र आना-जाना करते हैं। उनकी परेशानी भी रोजाना बढ़ती है। कृषि कॉलेज के प्रवेश द्वार को बंद किया अग्रसेन धाम चौक से जोरा जाने वाली सर्विस रोड के एक ओर कृषि कॉलेज भी स्थित है। यह एरिया फ्लाइओवर के नीचे है। इस वजह से इस कॉलेज के छात्र सर्विस रोड का ही उपयोग कर कॉलेज जाते हैं। लेकिन सर्विस रोड के खराब होने की वजह से कृषि कॉलेज का मुख्य प्रवेश द्वार बंद रखा जाता है। कई बार सर्विस रोड से आने-जाने वाली गाड़ियों कृषि कॉलेज के गेट से निकलने वाली गाड़ियों से टकरा चुकी है। छात्रों को किसी तरह की चोट न लगे इसलिए इस कॉलेज के प्रवेश द्वार को फिलहाल बंद कर दिया गया है। छात्र कॉलेज के वैकल्पिक रास्ते का उपयोग कर रहे हैं, जो कृषि विवि के अंदर से जाता है। होटल व ढाबों के बाहर सड़क पर गाड़ी
अग्रसेन धाम चौक के आसपास अभी कई बड़े होटल और बड़ी संख्या में ढाबे खुल गए हैं। यहां रोजाना लोगों की भीड़ लग रही है। जो भी लोग इन होटलों या ढाबों में जाते हैं वे अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं। इस वजह से शॉपिंग मॉल आने-जाने वाली सड़क पर हमेशा जाम लगा रहता है। सड़क पर गाड़ियां इतनी ज्यादा खड़ी हो जाती है कि बाइक सवार भी आसानी से नहीं निकल पाते। शनिवार-रविवार को यह स्थिति और खराब हो जाती है। क्योंकि दोनों दिन लोगों की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। कई बार रात 3 बजे तक लोगों की गाड़ियां इस सड़क पर फंसती हैं। ट्रैफिक और थाने वाले भी इस सड़क से गुजरते हैं लेकिन वे न तो गाड़ियां हटवाते हैं और न ही उन पर कोई कार्रवाई की जाती है। जोरा की सर्विस रोड को ठीक करने के लिए एनएचएआई के अफसरों से बात की जाएगी। जो सड़क प्रशासन ठीक करा सकता है उसे जल्द कराया जाएगा। लोगों को परेशान होने नहीं दिया जाएगा।
डॉ. गौरव कुमार सिंह, कलेक्टर, रायपुर अग्रसेन धाम चौक के एरिया को ब्लॉक स्पॉट घोषित किया गया था। ढाबों और होटल वालों को चेतावनी दी गई है कि वे सर्विस रोड में गाड़ी खड़ी न कराएं। पेट्रोलिंग वाले अब रोज वहां जाकर कार्रवाई करेंगे।
डॉ. लाल उमेद सिंह, एसएसपी, रायपुर


