धनबाद के बाघमारा अनुमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सोनारडीह थाना क्षेत्र के टुंडू निवासी नरेश सिंह कतरास भटमूरना मोड़ के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि इस इलाके में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाह है। इधर, जाम की सूचना मिलते ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और विधायक शत्रुध्न महतो ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ा कतरास थाना पुलिस ने घटनास्थल से भाग रहे टेलर को पकड़ लिया और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।


