बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) के डीएनबी गर्ल्स हॉस्टल में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 29 वर्षीय महिला डॉक्टर आर्य झा का शव रविवार रात को फंदे से लटका मिला। आर्य झा ने 28 फरवरी को ही बीजीएच में डीएनबी गाइनेकोलॉजिस्ट में दाखिला लिया था। घटना का पता तब चला जब आर्य झा की रूम पार्टनर ड्यूटी से लौटी। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो उसने अन्य डॉक्टरों को सूचित किया। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर डॉक्टर झा का शव फंदे से लटका मिला। सुसाइड नोट बरामद हुआ कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में लिखा था कि उन्हें यह कोर्स नहीं करना है और उनका मन नहीं लग रहा है। मृतका ने घटना के दिन सुबह कैजुअल्टी में ड्यूटी की थी। यह घटना हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर स्थित उनके कमरे में हुई। समस्तीपुर की रहने वाली डॉक्टर आर्य झा के परिवार को हाजीपुर में एक शादी समारोह के दौरान रात 10:30 बजे घटना की सूचना मिली। मृतका के नाना ने बताया कि आर्य झा का स्वभाव बहुत शांत था और उन्होंने कभी कोई शिकायत नहीं की थी। सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर 4 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


