कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से नशा तस्करों को पकड़ा है। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से कुल 270 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ हरगुरुदेव सिंह के अनुसार, एसआई गुरमीत सिंह की टीम ने गांव परमजीतपुर के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान गांव तोती की रहने वाली परमजीत कौर पैदल आती दिखी। पुलिस को देखकर उसने अपने पास का लिफाफा फेंक दिया। महिला पुलिस की मदद से उसे पकड़ा गया। फेंके गए लिफाफे से 265 ग्राम हेरोइन मिली। दूसरी कार्रवाई में एएसआई पुरनचंद की टीम ने गांव मोठावाल के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध को रोका। गांव लटियावाल के रहने वाले बलविंदर सिंह के पास से 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।


