चक्काजाम कर रहे लोग पुलिस हिरासत में:रायगढ़ में महिलाएं बोलीं- टेंट उखाड़ा, धक्कामुक्की की, बदहाल सड़क को लेकर प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बदहाल सड़क को लेकर एश्वर्यम काॅलोनी के रहवासी रविवार से चक्काजाम कर रहे थे। जहां सोमवार को भी महिलाएं और पुरूष आंदोलन में बैठे थे। तभी पुलिस की टीम यहां पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। एश्वर्यम काॅलोनी की महिलाओं का आरोप है कि काॅलोनी के सामने टेंट लगाकर चक्काजाम किया जा रहा था। सड़क की मांग को लेकर यह आंदोलन था। पुलिस के जवान आज यहां पहुंचे और टेंट को उखाड़ दिया। उनका यह भी आरोप था कि महिलाओं को काॅलोनी के भीतर रहने की नसीहत दी और धक्कामुक्की करते हुए 4-5 लोगों को पुलिस अपने साथ थाना ले गई। महिलाओं ने बताया कि जर्जर सड़क को सुधारने की मांग को लेकर एक लंबे समय से ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। कई समस्या झेलनी पड़ रही एश्वर्यम काॅलोनी की महिला ने बताया कि सड़क अत्यंत जर्जर है और यहां भारी वाहन चलने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आए दिन दुर्घटना हो रही है। इसे सुधारने के बजाए उल्टा पुलिस हम पर अपराध दर्ज कर रही है। पुलिसकर्मियों ने धक्कामुक्की किया काॅलोनी की विनीता परिडा ने बताया कि कल से धरना पर बैठे हैं। सड़क की समस्या को लेकर अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। आज काॅलोनीवासी सुबह से बैठे थे, तभी कुछ पुलिसकर्मी एक बार घूम कर गए। उसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मदद से महिलाओं को काॅलोनी में भेज दिया गया। धक्कामुक्की करते हुए कुछ काॅलोनी के लोगों को अपने साथ ले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों के साथ अभद्र भाषा में बात की गई। आश्वासन के बाद भी नहीं बनी सड़क सोनम सोनी ने बताया कि पिछली बार अधिकारियों ने कहा था कि जिसकी जमीन है, अगर वह कहे कि इस मार्ग में ट्रक नहीं चलेगा, तो ट्रक नहीं चलेगा। आज जमीन का मालिक मौके पर पहुंचकर बोला भी इस मार्ग में ट्रक नहीं चलना चाहिए, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों का कहना था कि इस मार्ग में ट्रक चलेगा। महिलाओं ने बताया कि जब पुल के नीचे रपटा बन रहा था, तब उन्हें आश्वासन दिया गया था कि रपटा बनने दो फिर बाद में सड़क बनाने की प्रकिया की जाएगी, पर सड़क अब तक नहीं बन सकी। रास्ता रोकने वालों पर अपराध दर्ज इस संबंध में सीएसपी आकाश शुक्ला ने बताया कि कल से रास्ता रोककर चक्काजाम किया जा रहा था। दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग रही थी। अधिकारी उन्हें समझाने भी गए थे। उसके बाद भी वे नहीं मान रहे थे। यही नहीं उन्हें लिखित में कलेक्टर, एसडीएम को अपनी मांग रखने की समझाइश भी दी गई, पर वे किसी भी हाल में मानने को तैयार नहीं थे। धक्कामुक्की का आरोप बेबुनियाद है और टेंट को उखाड़ा नहीं गया, बल्कि जब्त किया गया है। जो रास्ते में पेड़ रखकर हंगामा कर रहे थे, उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *