प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में तेजी लाएं, 1 अप्रैल से 20% जुर्माना और 18 % वार्षिक ब्याज लगेगा

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम मेयर इंद्रजीत कौर और निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने अधिकारियों को प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जुर्माने से बचने के लिए निवासियों से 31 मार्च तक बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की। सोमवार को जोन डी सभागार में मेयर इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर और नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने शहरवासियों से टैक्स वसूली में तेजी लाने के लिए जोनल कमिश्नरों और प्रॉपर्टी टैक्स विंग के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संपत्ति कर निरीक्षकों के लिए वसूली लक्ष्य भी निर्धारित कर दिए गए हैं तथा उन्हें बकाया वसूली में तेजी लाने के लिए प्रति दिन फील्ड में जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर और डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर ने भी शहरवासियों से अपील की कि वे जुर्माने से बचने के लिए 31 मार्च तक बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा दें। कहा कि यदि निवासी 31 मार्च 2025 तक लंबित कर जमा करने में विफल रहे तो उन पर 20 प्रतिशत जुर्माना और 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज लगाया जाएगा। निवासी नगर निकाय के क्षेत्रीय सुविधा केन्द्रों पर लंबित बकाया राशि का भुगतान कर सकते हैं। लंबी कतारों से बचने के लिए निवासी mcludhiana.gov.in पर जाकर ऑनलाइन भी टैक्स जमा कर सकते हैं। बैठक में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमदीप सिंह, संयुक्त आयुक्त अंकुर महेंद्रू, जोनल आयुक्त (जोन ए व बी) नीरज जैन, जोनल आयुक्त (जोन सी) गुरपाल सिंह, अधीक्षक, संपत्ति कर निरीक्षक सहित अन्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *