भीलवाड़ा दैनिक भास्कर के ‘जिद एक्सीडेंट से आजादी की’ अभियान का तीसरा अध्याय भीलवाड़ा में सफलता के साथ हुआ। मंगलवार को दो विशेष प्रशिक्षण सत्रों ने सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा के महत्व को उजागर कर शहर में जागरूकता का नया आयाम स्थापित किया। पहला सत्र लाठी नैनावटी क्लासेस प्राइवेट लिमिटेड पंचवटी सोनी हॉस्पिटल के पास भीलवाड़ा में हुआ। डायरेक्टर प्रदीप लाठी एवं सीए सुनित नैनावटी ने अध्यक्षता की। दूसरा सत्र भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में कर्मचारियों को ट्रेनिंग, भीलवाड़ा कलेक्टर नमित मेहता, भीलवाड़ा एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया की अध्यक्षता में हुआ। इन सत्रों में बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और ट्रॉमा केयर पर प्रशिक्षण दिया। डॉ. सीमा परतानी, डॉ. पवन दुबे और उनकी टीम ने प्राथमिक चिकित्सा और जीवन रक्षक तकनीकों का डेमो प्रस्तुत किया। पुलिसकर्मियों, छात्रों और एम्बुलेंस सेवा समिति के सदस्यों ने दुर्घटना के शुरुआती 15-20 मिनट में किए जाने वाले सही कदमों को सीखा। अब तक उदयपुर, राजसमंद, फतहनगर, सागवाड़ा, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में सफल सत्र हो चुके हैं। दैनिक भास्कर और इसके सहयोगी संस्थानों की यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा बल्कि जीवन बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जल्द ही अभियान के अगले चरण सिरोही और सुमेरपुर में आयोजित किए जाएंगे। भीलवाड़ा कलेक्टर नमित मेहता ने कहा कि यह पहल न केवल पुलिसकर्मियों को फील्ड में सही निर्णय लेने में मदद करेगी, बल्कि समय पर इमरजेंसी सेवाओं को बुलाने और जरूरतमंदों की जान बचाने में भी सहायक सिद्ध होगी। भीलवाड़ा एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया ने कहा कि आपकी टीम द्वारा दी गई यह ट्रेनिंग पुलिस अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे दुर्घटना स्थल पर त्वरित और सही कदम उठाने में मदद मिलेगी, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।


