जमशेदपुर के सुंदरनगर पुलिस ने सूमो चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सरायकेला खरसावां के शौकत अली और आजादनगर के मोहम्मद अकबर उर्फ छोटू शामिल हैं। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सुंदरनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गाड़ी को बेचकर पैसे आपस में बांटने की थी योजना आरोपियों ने एक अन्य साथी रियाज खान का नाम भी बताया, जो अभी फरार है। रियाज ने चोरी की सूमो को कपाली के गौसनगर में तिलंगी तालाब के किनारे झाड़ियों में छिपा कर रखा था। आरोपियों की योजना मौका मिलने पर गाड़ी को बेचकर पैसे आपस में बांट लेने की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की सूमो को तालाब किनारे से बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पहले से अपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


