महिला की खून से सनी लाश, शक दोनों पतियों पर:कुचला हुआ था चेहरा, जहां मर्डर, वहां तंत्र-मंत्र के धागे और नारियल मिले, पार्ट-1

3 फरवरी 2019, डूंगरपुर का सागवाड़ा वमासा गांव। अलसुबह 3 बजे सागवाड़ा पुलिस थाने का फोन बजा। सूचना मिली कि थाने से 22 किलोमीटर दूर कंडोला नदी पुल के पास एक कार पलटी हुई है। पुलिस वहां पहुंची तो एक महिला की लाश मिली। लाश पुल के नीचे नदी के पास पत्थर पर थी। महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। पुलिस ने बॉडी हॉस्पिटल में रखवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गाड़ी जिस स्थिति में पलटी हुई है, कार का काेई हिस्सा क्षतिग्रस्त नहीं था। न ही सड़क पर एक्सीडेंट के कोई प्रमाण मिले। जिस तरह महिला के सिर व चेहरे पर चोट आई वह घटना से मैच नहीं खा रही थी। ऐसे में पुलिस ने हत्या की आशंका को लेकर जांच शुरू की। इधर महिला (मृतका) की बहन ने भी एफआईआर दर्ज करवाई। उसने बताया कि उसकी बहन का मर्डर किया गया है और इसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई है। आखिर 33 वर्षीय महिला की किससे दुश्मनी थी? किसने मारा और फिर हत्या को हादसे का रूप दिया। सबसे बड़ा सवाल- आधी रात को वह सूनसान जगह गई क्यों थी? पुलिस ने इन सवालों के जवाब तलाशे तो हैरान कर देने वाला सच सामने आया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… बहन ने दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
4 फरवरी 2019 को डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाने में उदयपुर के मयूर कॉम्पलेक्स, सेक्टर-4 निवासी लेक्चरर 49 वर्षीय चारुलता शर्मा पत्नी प्रेमप्रकाश शर्मा पहुंचीं। उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई कि उनकी छोटी बहन 33 वर्षीय ऋचा शर्मा उर्फ रिंकू 3 फरवरी की रात 11:30 बजे अपनी बेटी को एक घंटे में वापस आने का कहकर गई थी, लेकिन सुबह तक नहीं लौटी। ऋचा की बेटी हेमश्री ने उसे कॉल कर बताया कि उसकी मां वापस नहीं लौटी है। यह सुन कर वह उदयपुर से रवाना होकर साबला आई। तब उसे जानकारी मिली कि ऋचा की कार कंडोला मोड़ पर नदी के पास पलटी हुई मिली। ऋचा की मौत हो गई। उसकी बॉडी सागवाड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखी हुई है। चारुलता ने एफआईआर में यह भी लिखवाया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंची तो वहां उसे एक्सीडेंट के प्रमाण नहीं मिले। गाड़ी पलटी हुई मिली। पुलिया के नीचे देखने पर काफी मात्रा में खून नजर आया। पास पड़ा एक पत्थर भी खून से सना था। मॉर्च्युरी में अपनी बहन ऋचा का शव देखा तो उसका चेहरा कुचला हुआ था। ऋचा की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या की और बाद में चेहरा कुचलकर उसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की। मामला दर्ज करने के बाद तत्कालीन प्रोबेशनल आरपीएस थानाधिकारी सागवाड़ा चक्रवर्ती सिंह ने जांच शुरू की। पहले पति से तलाक के चार साल बाद दूसरी शादी
चारुलता ने बताया कि उसकी बहन ऋचा की शादी उदयपुर के सरदारपुरा निवासी राजेश शर्मा से हुई थी। किसी कारण से उसका 2011 में तलाक हो गया था। पहली शादी से उसकी 12 साल की बेटी हेमश्री है, जो साबला में न्यू आदर्श सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती है। ऋचा की पहली शादी पांच साल रही। तलाक के चार साल बाद 2016 में मुंबई के कल्याण निवासी परिक्षित शर्मा से दूसरी शादी की। 2018 में वह मुंबई शिफ्ट हो गई और अपनी बेटी से मिलने साबला आती–जाती रहती है। घटना के पांच दिन पहले ही वह मुंबई से साबला आई थी। इस जानकारी के साथ ही पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि ऋचा अपने पिता के पास रहती थी। पिता आयुर्वेदिक डॉक्टर थे। ऋचा के तलाकशुदा होने के कारण पिता ने अपनी संपत्ति उसके नाम कर रखी थी। ऐसे में ऋचा का भाई उससे रंजिश रखता था। पुलिस इन सभी एंगल के इर्द-गिर्द हत्या के कारण की तलाश कर रही थी, लेकिन ऐसा कोई भी पुख्ता सुराग हाथ नहीं लग रहा था। भाई और दूसरे पति पर भी शक
पुलिस ने ऋचा के भाई को भी शक के दायरे में लिया कि हो सकता है संपत्ति को लेकर भाई ने ऋचा की हत्या करवाई हो। पुलिस का शक पहले पति पर भी गया। बाद में यह भी सामने आया कि पहला पति अगर हत्या करवाना चाहता तो वह पहले भी मार सकता था। पुलिस का शक ऋचा के दूसरे पति पर भी गया। यह शक इसलिए गहरा नहीं हुआ, क्योंकि दूसरा पति मुंबई रहता था। अगर उसे ऋचा की हत्या करनी होती तो मुंबई में भी कर सकता था। इसके लिए इतनी दूर व ऐसी सूनसान जगह क्यों आता? मामले में अब भी बड़ा सवाल था कि ऋचा आधी रात में ऐसे सूनसान इलाके में आखिर गई क्यों? पुलिस इस सवाल का जवाब तलाशने घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की बारीकी से तलाशी ली। नदी के पास झाड़ियों पर कपड़े और नारियल बंधे मिले। ऐसा लग रहा था कि यहां लोग तंत्र-मंत्र से जुड़ी क्रियाओं के लिए आते हैं। वहां के लोगों से जानकारी जुटाने पर पता चला कि यहां चतुर्दशी व अमावस्या को तंत्र-मंत्र व टोटके के लिए लोग आते हैं। ऋचा का मर्डर भी चतुर्दशी तिथि को ही हुआ था। ऐसे में पुलिस ने इंवेस्टिगेशन की दिशा बदली। ऐसे व्यक्ति की तलाश में जुट गई, जो तंत्र-मंत्र करवाता हो और ऋचा उससे संपर्क में हो। पुलिस इंवेस्टिगेशन में 24 घंटे में इस हत्या का राज खुल गया। जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। कल पार्ट-2 में पढ़िए… कौन था ऋचा का हत्यारा? क्या थी हत्या की वजह?

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *