भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन के गेट हकीमा डिवीजन के अधीन आते गांव भराड़ी वाल में 29 कनाल जमीन पर लोगों द्वारा कब्जा किया हुआ है। पावरकॉम की करोड़ों रुपए की इस जमीन का कब्जा छुड़ाने के लिए सिटी सर्किल के अधिकारियों द्वारा पुलिस प्रशासन को कई बार लिखा गया है। परंतु पुलिस की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसको लेकर मंगलवार को सिटी सर्किल के एसई इंजी. जीएस खेहरा, एक्सईएन इंजी. सिमरपाल सिंह सैनी समेत अन्य अधिकारी पुलिस कमिश्नर से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से जमीन पर कब्जा छुड़ाने की बात कही। सूत्रों के मुताबिक भराड़ीवाल के आनंद विहार इलाके में पावरकॉम की पुरानी 29 कनाल जमीन है। जिसमें लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। लोगों द्वारा अब कब्जाई जमीन छोड़ने में आना-कानी की जा रही है। पावरकॉम अधिकारियों ने इस जमीन को छुड़ाने के लिए पुलिस को तीन बार पत्र भी लिखे हैं। परंतु पुलिस अभी तक कब्जाधारी पर कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। वहीं सूत्रों से पता चला है कि इस जमीन पर किसी राजनेता का हाथ है। जिसके कारण पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। इस जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के लिए पावरकॉम अधिकारियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।


