छात्रों ने कहा- एक राष्ट्र एक चुनाव भारत को मजबूत बनाएगा

भास्कर न्यूज| चाईबासा बुधवार को महिला कॉलेज प्रांगण में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत युवा सांसद- 2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त हरि कुमार केशरी ने शिरकत की। आयुक्त ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी की यह सोच है कि एक देश एक चुनाव के लिए युवाओं को एकजुट करना है। युवाओं से उनकी राय लेनी है। इसे ध्यान में रखकर विकसित भारत ऐप लांच किया गया है। जिसमें प्रत्येक जिले से लगभग 100 से अधिक प्रतिभागी अपनी एक-एक मिनट की वीडियो बनाकर विकसित भारत के लिए अपनी सोच प्रकट कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला कॉलेज प्राचार्य प्रीतिबाला सिन्हा, एनएसएस कॉर्डिनेटर दारा सिंह गुप्ता, कॉमर्स कॉलेज के प्राचार्य संजीव सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव भारत को एक मजबूत और संगठित लोकतंत्र की ओर ले जाने की पहल है। इससे चुनावी खर्च में कमी आएगी। प्रशासनिक कार्य सुचारू होंगे और विकास कार्यों में बाधा नहीं आएगी। बार-बार चुनावों से जनता और सरकार दोनों पर बोझ पड़ता है, जबकि एक साथ चुनाव कराने से समय और संसाधनों की बचत होगी। यह नीति लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाएगी। वहीं रश्मि महतो, सूर्या नर्सिंग कॉलेज, चक्रधरपुर ने कहा कि मुझे विकसित भारत युवा संसद में विचार रखने का मौका मिला। यह काफी गर्व का क्षण है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *