भास्कर न्यूज | लुधियाना रेलवे बोर्ड के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर आशीष शर्मा ने लुधियाना रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे यार्ड में ट्रैक का मुआयना किया और एआरटी की भी जांच की। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिए। इस मौके पर आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने भी प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर से मुलाकात की और उन्हें फिरोजपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा को लेकर हो रहे उल्लंघन के बारे में बताया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के कामरेड रमेश ने बताया कि सहायक लोको चालकों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है। स्टेशन सेक्शन में गाड़ियों की लोडिंग, अनलोडिंग के दौरान हैंड ब्रेक लगाने या हटाने की जिम्मेदारी स्टेशन स्टाफ की होती है, लेकिन यह काम भी सहायक चालकों से करवाया जा रहा है। इसके अलावा भी कई नियमों का उल्लंघन किया जा रह है। इस पर प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर ने इस बारे में गंभीरता से अधिकारियों से बात कर मामले का हल करवाने का आश्वासन दिया।


