भास्कर न्यूज|लुधियाना माता रानी चौक स्थित शीतला माता मंदिर में चल रहे मेले के दौरान महिला चोर गिरोह ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया। गिरोह ने मंदिर परिसर में आई हुई कुछ महिला श्रद्धालुओं को अपने शिकार के रूप में चुना। एक महिला यात्री से चोरों ने सोने का कंगन और पर्स से 1100 रुपए चोरी कर लिए, जबकि दूसरी महिला श्रद्धालु से उनकी चूड़ी भी चुरा ली। लोगों ने गिरोह की एक महिला सदस्य को काबू कर लिया है। आरोपी का नाम प्रकाश कौर है, वह नाभा, पटियाला के गांव रोटी चन्ना की रहने वाली है। थाना कोतवाली की पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने ये मामला सिविल लाइंस के रहने वाले जसविंदर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया। जसविंदर सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी कंचन वर्मा, 18 मार्च को शीतला माता मंदिर में माथा टेकने गई थी। वहां काफी भीड़ थी। बाद में उसकी पत्नी ने देखा तो उसका सोने का कंगन और पर्स गायब था। पर्स में 1100 रुपए थे। वहां एक युवक ने बताया कि माथा टेकने आई उसकी मां के हाथ से भी किसी ने सोने की चूड़ी उतारी है। जसविंदर ने बताया कि जब उन्होंने तलाश शुरू की तो एक महिला उन्हें दिखी, जो उसकी पत्नी से टकराई थी। उन्हें देखने पर महिला भागने लगी, लेकिन दूसरे श्रद्धालुओं की मदद से उसे काबू कर लिया गया। उसे थाना कोतवाली के हवाले किया गया। महिला से उसकी पत्नी से चोरी किए गए 1100 रुपए भी बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में प्रकाश कौर ने अपनी एक और साथी के बारे में बताया। पुलिस के मुताबिक उसके दूसरे साथी की भी तलाश चल रही है। जल्द ही उसे भी काबू कर लिया जाएगा।


