12 दिन में 8 करोड़ टैक्स वसूली की चुनौती

भास्कर न्यूज |राजनांदगांव वित्तीय वर्ष के खत्म होने में सिर्फ 12 दिन शेष रह गया है। लेकिन अब तक नगर निगम डिमांड के 65 फीसदी टैक्स ही वसूल पाई है। शत प्रतिशत वसूली का लक्ष्य लेकर चल रहे निगम के सामने 12 दिन में 35 प्रतिशत टैक्स वसूली का लक्ष्य है। इसके लिए बकायादारों को नोटिस भी जारी किया जा रहा है। बीते वित्तीय वर्ष को मिलाकर इस बार निगम में टैक्स की कुल डिमांड 26 करोड़ रुपए हैं। इसमें संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, दुकान किराया व प्रीमियम राशि शामिल हैं। इसमें अब तक 18 करोड़ रुपए की वसूली निगम के राजस्व टीम ने पूरी कर ली है। जबकि 8 करोड़ रुपए का टैक्स अब भी बकाया है। निगम अंतिम दौर में टैक्स कलेक्शन बढ़ाने के लिए 10 हजार से अधिक राशि वाले बकायादारों को नोटिस देर रही है। निगम के उपायुक्त मोबिन अली ने बताया कि ऐसे 2275 बकायादारों को नोटिस जारी किया जा चुका है। इन्हें वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले टैक्स जमा करने की हिदायत दी गई है। हालांकि टैक्स जमा करने के लिए ई- पेमेंट की सुविधा देने से निगम को काफी राहत मिली है। नगर निगम ने बकाया टैक्स वसूली के लिए वार्डों में शिविर भी लगाया। लेकिन इन शिविरों में बेहतर रिस्पांस नहीं मिल पाया। लोग शिविर में टैक्स जमा करने नहीं पहुंचे। सिर्फ नोटिस, कार्रवाई नहीं होने से अनदेखी की जा रही शहर में संपत्तिकर, समेकित कर का टैक्स उम्मीद के मुताबिक जमा हो रहा है। लेकिन निगम के राजस्व अमले के सामने सबसे बड़ी चुनौती दुकान किराया और बकाया प्रीमियम राशि की वसूली का बना हुआ है। बकाया राशि जमा करने निगम सिर्फ नोटिस ही जारी कर रही है। लेकिन ऐसे बकायादारों पर कार्रवाई नहीं होने के चलते जारी नोटिस की भी अनदेखी हो रही है। कार्रवाई के नाम पर निगम प्रशासन केवल कुछ लोगों के नल कनेक्शन ही काटती है। राजस्व टीम अब डोर टू डोर पहुंच रही हैं। दुकानदारों को भी समय पर किराया जमा करने कहा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *